logo logo
logo logo

Contact Information

Branch office:- Shop 10 38/4A Basement, block Samriddhi building, near balaji juice ,J&k bank and Yes bank, Sanjay Palace, Sanjay Place, Civil Lines, Agra, Uttar Pradesh 282002

Call: +91 6399 505 060

agratrends@gmail.com
Trending in Agra

UP Election 2027: आगरा में युवा वोटरों का दबदबा, 6.42 लाख Gen Z बदल सकते हैं चुनावी गणित

आगरा में SIR के बाद 29.80 लाख से अधिक मतदाता विधानसभा चुनाव 2027 में वोट डालेंगे। 6.42 लाख से ज्यादा Gen Z और करीब 14.70 लाख 30-49 आयु वर्ग के मतदाता चुनावी नतीजों में अहम भूमिका निभा सकते हैं।


  • July 29, 2026
  • 1 minute
  • 5 Views
Image

यूपी चुनाव 2027: मिलेनियल्स और Gen X के हाथ में सत्ता की चाबी, 6.42 लाख Gen Z वोटर बदल सकते हैं चुनावी गणित

आगरा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी तैयारियां तेज हो गई हैं। आगरा जिले के मतदाता आंकड़ों ने चुनावी तस्वीर की एक अहम झलक सामने रख दी है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद जिले में कुल 29 लाख 80 हजार 189 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। आयु वर्ग के हिसाब से देखें तो इस बार मिलेनियल्स, जेनरेशन एक्स और जेनरेशन जेड यानी Gen Z की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रहने वाली है।

आंकड़ों के मुताबिक, 30 से 49 वर्ष की उम्र के कुल 14 लाख 70 हजार 393 मतदाता हैं। यह जिले के कुल मतदाताओं का करीब 49 प्रतिशत है। इनमें 30 से 39 वर्ष की आयु वाले 8 लाख 16 हजार 727 मतदाता शामिल हैं। वहीं 40 से 49 वर्ष की उम्र के 6 लाख 53 हजार 666 मतदाता हैं। इतनी बड़ी संख्या चुनावी नतीजों पर निर्णायक असर डाल सकती है।

6.42 लाख से ज्यादा Gen Z वोटर

इस चुनाव में युवा मतदाताओं की भूमिका भी खास रहने वाली है। आगरा जिले में 18 से 29 वर्ष की आयु के 6 लाख 42 हजार 300 Gen Z मतदाता हैं। इनमें 18-19 वर्ष के 43 हजार 533 और 20-29 वर्ष के 5 लाख 98 हजार 767 मतदाता शामिल हैं।

पहली बार मतदान करने वाले युवा और सोशल मीडिया से लगातार जुड़े रहने वाली Gen Z पीढ़ी चुनावी मुद्दों को लेकर काफी सक्रिय मानी जाती है। ऐसे में रोजगार, शिक्षा, डिजिटल सुविधाएं, महंगाई, कानून व्यवस्था और भविष्य के अवसर जैसे मुद्दे इस वर्ग के मतदान व्यवहार को प्रभावित कर सकते हैं।

बुजुर्ग मतदाता भी निभाएंगे अहम भूमिका

आगरा के चुनावी गणित में वरिष्ठ मतदाताओं की भूमिका को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। जिले में 60 से 79 वर्ष की उम्र के 3 लाख 81 हजार 233 मतदाता हैं। इसके अलावा 80 से 89 वर्ष के 25,436 और 90 से 99 वर्ष के 2,847 मतदाता भी सूची में शामिल हैं।

सबसे खास बात यह है कि जिले में 100 वर्ष से अधिक उम्र के 161 मतदाता भी हैं। इनमें 100-109 वर्ष के 153, 110-119 वर्ष के चार और 120 वर्ष से अधिक उम्र के चार मतदाता शामिल हैं। ये मतदाता एक सदी से अधिक समय के सामाजिक और राजनीतिक बदलावों के साक्षी रहे हैं।

युवा वोटरों पर रहेंगी राजनीतिक दलों की नजरें

भारतीय समाज विज्ञान परिषद के प्रबंधक अभिनय प्रसाद के मुताबिक, हाल के वर्षों में Gen Z की सक्रियता ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है। ऐसे में यूपी विधानसभा चुनाव 2027 में इस पीढ़ी की भूमिका मिलेनियल्स के साथ बेहद महत्वपूर्ण हो सकती है।

आगरा के आंकड़े साफ संकेत दे रहे हैं कि इस बार चुनावी मैदान में केवल राजनीतिक दलों की रणनीति ही नहीं, बल्कि युवा और मध्यम आयु वर्ग के मतदाताओं की पसंद भी नतीजों की दिशा तय कर सकती है। यही वजह है कि आने वाले महीनों में सभी राजनीतिक दल इन मतदाता वर्गों को साधने के लिए अपनी रणनीति पर खास जोर दे सकते हैं।


Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *